सदर अस्पताल गंगवाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, डीएम ने किया शुभारंभ
दरभंगा, 29 सितंबर (हि.स.)। सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में मरीजों को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को विभिन्न नई स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर संस्थागत प्रसव, सिजेरियन प्रसव, शिशु चिकित्सा, हड्डी रोग, दंत चिकित्सा एवं सामान्य सर्जरी सेवाओं का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि नई सेवाओं के शुरू होने से ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक उपचार की सुविधा मिलेगी। गंभीर अथवा विशेषज्ञ चिकित्सा के लिए मरीजों को अन्यत्र जाने की आवश्यकता भी कम होगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों को सभी सेवाओं का सुचारू एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि संस्थागत एवं सिजेरियन प्रसव सेवा शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिलेगी। शिशु चिकित्सा सेवा से नवजात एवं बच्चों को आवश्यक उपचार उपलब्ध होगा। वहीं हड्डी रोग, दंत चिकित्सा एवं सामान्य सर्जरी की सुविधा मिलने से संबंधित मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार मिल सकेगा।
उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता, मरीजों की सुविधा तथा समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहकर दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के बाद डीएम ने अस्पताल परिसर में आम का पौधा लगाया। मौके पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. सुप्रिया नारायण, डीपीएम प्रभात कुमार राजू, डीसीएम रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

