home page

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर पुलिस पदाधिकारियों संग समीक्षा बैठक आयोजित

 | 
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर पुलिस पदाधिकारियों संग समीक्षा बैठक आयोजित


दरभंगा, 07 मई (हि.स.)।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों के साथ नोटिस तामिला को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित नोटिसों को पक्षकारों तक समय पर पहुंचाने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अब तक जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा की ओर से लगभग नौ हजार न्यायालयीन मामलों एवं करीब 21,500 प्री-लिटिगेशन मामलों में नोटिस भेजे जा चुके हैं।

सचिव ने सभी पुलिस अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी नोटिसों की तामिला समय पर सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि लगभग 1600 ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन हेतु चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावा विद्युत विभाग से संबंधित 600 मामलों को भी लोक अदालत के लिए चयनित किया गया है।

उन्होंने कहा कि यदि सभी पक्षकारों तक नोटिस पहुंच जाते हैं, तो 09 मई 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मामलों का निष्पादन संभव हो सकेगा।

सचिव आरती कुमारी ने कहा कि सभी हितधारकों के परस्पर सहयोग से ही यह आयोजन सफल होगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से अपने-अपने स्तर पर लोक अदालत की सफलता के लिए विशेष प्रयास करने का अनुरोध किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra