डीएओ ने 9वीं के बच्चों को पढ़ाया विज्ञान, करियर संवारने के बताये गुर
कटिहार, 23 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अभिनव पहल के तहत बुधवार को जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) राजीव कुमार ने सरस्वती शिक्षा निकेतन (मॉडल स्कूल) यू.एच.एस. परबेली, कदवा पहुंचकर कक्षा-9 के विद्यार्थियों की क्लास ली। लगभग डेढ़ घंटे के इस विशेष सत्र में उन्होंने छात्रों को विज्ञान विषय के अंतर्गत ‘पदार्थ एवं पदार्थ का वर्गीकरण’ अध्याय विस्तार से पढ़ाया और भविष्य की राह आसान करने के लिए करियर मार्गदर्शन भी दिया।
दैनिक उदाहरणों से समझाईं जटिल अवधारणाएं
शिक्षण के दौरान डीएओ ने वैज्ञानिक सिद्धांतों को दैनिक जीवन से जोड़ते हुए बेहद सहज रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने शुद्ध पदार्थ, मिश्रण के प्रकार, कोलाइड, यौगिक, टिंडल प्रभाव तथा तत्व व मिश्रण के बीच अंतर जैसे जटिल विषयों को विद्यार्थियों के स्तर के अनुरूप स्पष्ट किया। संवादात्मक माहौल होने के कारण विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका मौके पर ही सरल भाषा में समाधान किया गया।
भविष्य के अवसरों और अनुशासन पर जोर
पाठ्यक्रम के साथ-साथ उन्हाेंने विद्यार्थियों को 12वीं के बाद करियर के विविध विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने मेडिकल, इंजीनियरिंग, कृषि अनुसंधान, सिविल सेवा, आईटी, फार्मेसी, रक्षा और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए छात्रों को अपनी रुचि व क्षमता पहचानने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए विषय की बुनियादी समझ, समय प्रबंधन और निरंतर सीखने की ललक आवश्यक है।
छात्रों को दिए गए सुव्यवस्थित नोट्स
सत्र के अंत में सभी विद्यार्थियों को पढ़ाए गए अध्याय के लिखित नोट्स उपलब्ध कराए गए, ताकि जो छात्र कक्षा के दौरान पूरी बातें नहीं लिख सके, वे घर पर इसका अभ्यास कर सकें। उन्होंने छात्रों को केवल रटने के बजाय समझकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण
कक्षा समाप्त होने के बाद जिला कृषि पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रयोगशाला, शौचालय और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए कहा कि बेहतर शैक्षणिक माहौल और समग्र विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं का दुरुस्त होना अनिवार्य है।
उल्लेखनीय है कि कटिहार जिला प्रशासन की इस अनूठी पहल के तहत अधिकारी नियमित रूप से विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षण कार्य कर रहे हैं, जिससे छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ने के साथ जिले के शैक्षणिक परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

