home page

आलू की फसल पर 'अगेती झुलसा' रोग का खतरा, कृषि विभाग ने जारी की विशेष एडवाइजरी

 | 
आलू की फसल पर 'अगेती झुलसा' रोग का खतरा, कृषि विभाग ने जारी की विशेष एडवाइजरी


कटिहार, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले के आलू उत्पादक किसानों की फसल को नुकसान से बचाने के लिए कृषि विभाग ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) राजीव कुमार ने किसानों को आलू की फसल में लगने वाले प्रमुख फफूंदजनित रोग 'अगेती झुलसा' (अर्ली ब्लाइट) के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि 'अल्टरनेरिया सोलेनी' नामक कवक से होने वाले इस रोग पर यदि समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया, तो यह पत्तियों को सुखाकर आलू की पैदावार और गुणवत्ता दोनों को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है।

जारी परामर्श के अनुसार, इस रोग की शुरुआत में पौधों की निचली और पुरानी पत्तियों पर भूरे रंग के गोलाकार धब्बे बनते हैं, जिनमें स्पष्ट रूप से गोल छल्ले दिखाई देते हैं। प्रकोप बढ़ने पर पत्तियां पीली पड़कर सूखने लगती हैं। यह रोग संक्रमित फसल अवशेषों में मौजूद बीजाणुओं के माध्यम से हवा, बारिश या सिंचाई के पानी के छींटों से स्वस्थ पौधों में फैलता है। अधिक ओस, नमी और 24 से 30 डिग्री सेल्सियस तापमान में यह तेजी से पांव पसारता है।

बचाव के लिए किसानों को रोगमुक्त बीज का उपयोग करने, फसल चक्र अपनाने, खेत से संक्रमित पत्तियों व अवशेषों को हटाकर नष्ट करने, जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने तथा अनावश्यक सिंचाई से बचने को कहा गया है। रोग के शुरुआती लक्षण दिखते ही रासायनिक नियंत्रण के तहत 'मैंकोजेब 75% वेटेबल पाउडर' या 'क्लोरोथैलोनिल 75% वेटेबल पाउडर' की 2 ग्राम मात्रा प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करने की सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त, पारंपरिक (आईटीके) तकनीक के रूप में फसल पर 2 प्रतिशत गोमूत्र के घोल का छिड़काव कर भी इस रोग की रोकथाम की जा सकती है। जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से नियमित रूप से खेतों का निरीक्षण करने और विशेषज्ञ की सलाह पर समय रहते प्रबंधन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह