फणीश्वर नाथ रेणु रेलवे इंस्टीट्यूट में भव्य नृत्य प्रतियोगिता आयोजित, 50 से अधिक कलाकारों ने बिखेरे जलवे
कटिहार, 02 अगस्त (हि.स.)। फणीश्वर नाथ रेणु रेलवे इंस्टीट्यूट समिति के तत्वावधान में रविवार को इंस्टीट्यूट प्रांगण में एक भव्य और रंगारंग नृत्य प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस मेगा इवेंट में शहर भर के 50 से अधिक प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को मुख्य रूप से दो प्रमुख शैलियों—शास्त्रीय (क्लासिकल) और पश्चिमी (वेस्टर्न) में आयोजित किया गया था। निष्पक्ष और न्यायसंगत मूल्यांकन के लिए प्रतिभागियों को दो आयु वर्गों में बांटा गया, जिसमें ग्रुप 'ए' के तहत 12 वर्ष तक के और ग्रुप 'बी' के तहत 13 वर्ष और उससे अधिक आयु के प्रतिभागी शामिल रहे। शहर के जाने-माने चेहरे और नृत्य कला के विशेषज्ञ श्री अमितेश रंजन ने प्रतियोगिता में मुख्य जज की भूमिका निभाई।
इस भव्य आयोजन को शत-प्रतिशत सफल बनाने में इंस्टीट्यूट समिति के प्रमुख पदाधिकारियों और सदस्यों का अहम योगदान रहा, जिनमें सचिव रितेश ठाकुर, कोषाध्यक्ष अनुराग कुमार सहित आलोक कुमार, बबलू पासवान, अविनाश कुमार, लॉरेंस जूलियस, सूरज प्रकाश मिश्रा और तिवारी जी शामिल रहे।
समिति ने घोषणा की है कि इस मेगा फेस्टिवल के अगले चरण के तहत आगामी रविवार, 9 अगस्त को भाषण और गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन सभी प्रतियोगिताओं का संयुक्त समापन और भव्य पुरस्कार वितरण समारोह स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त 2026 को आयोजित होगा, जिसमें सभी विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

