डाक विभाग ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, राखी मेल पर 10% की विशेष छूट
बक्सर, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डाक मंडल, बक्सर की ओर से गुरुवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने किया।
तिरंगा यात्रा बक्सर प्रधान डाकघर से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं बाजारों से गुजरी। इसमें डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ शहर में देशभक्ति का संदेश दिया।
यात्रा के माध्यम से लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक करते हुए स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना मजबूत करने की अपील की गई।
इस अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक (मुख्यालय) पुष्पेंद्र कुमार, शिकायत निरीक्षक आदित्य राज, बक्सर प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर प्रेम चंद कुमार समेत डाक मंडल एवं डाकघरों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
राखी मेल पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट
डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने बताया कि राखी मेल के तहत राखी की बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। इसके अलावा डाकघरों में गंगाजल, राष्ट्रीय ध्वज और राखी लिफाफा भी उपलब्ध है। 250 मिलीलीटर गंगाजल ₹30, राष्ट्रीय ध्वज ₹25 और राखी लिफाफा ₹10 में मिल रहा है।
उन्होंने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना व्यक्त करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

