'साइबर मंगलवार' पर डीएम और एसपी ने छात्रों को किया जागरूक, बताए 'डिजिटल अरेस्ट' और साइबर ठगी से बचने के उपाय
कटिहार, 21 जुलाई (हि.स.)। जिले में बढ़ते साइबर अपराध, 'डिजिटल अरेस्ट' और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए मंगलवार को कटिहार के विभिन्न विद्यालयों में 'साइबर मंगलवार' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने खुद मोर्चा संभालते हुए छात्र-छात्राओं और युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। डीएम और एसपी विशेष रूप से हरिशंकर नायक उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचे और बच्चों को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए अलर्ट किया।
जागरूकता अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को विशेष तौर पर मौजूदा समय के सबसे खतरनाक 'डिजिटल अरेस्ट' और उससे बचाव के तरीके बताए गए। कार्यक्रम में विशेषज्ञों और पुलिस पदाधिकारियों ने वित्तीय सुरक्षा (OTP, UPI, QR Code और KYC के नाम पर होने वाले फ्रॉड), सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग तथा साइबर बुलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न से बचाव के बारे में तकनीकी जानकारी साझा की।
इसके अलावा खातों की सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का महत्व भी समझाया गया। छात्रों को बताया गया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 डायल करें और 'नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल' पर शिकायत दर्ज कराएं।
बिहार सरकार के मुख्य सचिव के निर्देशानुसार, जिले के चयनित स्कूल-कॉलेजों में यह कार्यक्रम चलाया गया। इनमें मुख्य रूप से हरिशंकर नायक उच्च माध्यमिक विद्यालय, +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय (BMP-7), गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (न्यू कॉलोनी), राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उमा देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और BPSP उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मनिहारी) शामिल थे।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में वरीय उप समाहर्ता, वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों और एनआईसी के इंजीनियरों ने भी समन्वय स्थापित कर छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया। विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने अपनी शंकाएं पूछीं और अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के उपाय बताए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

