डीएम व एसपी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के रोकथाम एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
सीवान, 21 जुलाई (हि.स.)। जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे साइबर मंगलवार अभियान के तहत मंगलवार को वी.एम. उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा एवं उप विकास आयुक्त ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। वहीं जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पुलिस पदाधिकारियों द्वारा भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने कहा कि डिजिटल युग में सुविधा के साथ-साथ साइबर अपराधों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी एवं यूपीआई से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाता संबंधी जानकारी या पासवर्ड साझा नहीं करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा डिजिटल भुगतान के दौरान हमेशा टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करें। बैंकिंग एवं ऑनलाइन भुगतान से जुड़े एप केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म या प्ले स्टोर से ही डाउनलोड करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह बिना समय गंवाए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर पीड़ित की सहायता की जा सके।
कार्यक्रम में छात्राओं एवं महिलाओं को सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। वहीं अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें ऐसे ऑनलाइन या विदेशी गेम से दूर रखें, जिनके माध्यम से साइबर ठगी या आर्थिक नुकसान की आशंका रहती है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को बढ़ते नारकोटिक्स एवं ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की भी जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहकर सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

