home page

होमगार्ड प्रशिक्षुओं और ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी

 | 
होमगार्ड प्रशिक्षुओं और ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी


भागलपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के नाथनगर क्षेत्र स्थित इंटर स्तरीय बालिका उच्च विद्यालय परिसर में गुरुवार को साइबर अपराध को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर एसएस बालिका उच्च विद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बिहार होमगार्ड के प्रशिक्षु सिपाहियों एवं स्थानीय ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी सईद राजा ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और ऑनलाइन बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के कारण आम लोग ठगी और धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर इन अपराधों से बचा जा सकता है।

एसपी ने बताया कि कई मामलों में लोग लालच या डर के कारण ठगों के झांसे में आ जाते हैं। साइबर अपराधी खुद को बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी या किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी बताकर लोगों को भ्रमित करते हैं। ऐसे मामलों में घबराने की बजाय तुरंत नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करना चाहिए।

प्रशिक्षु सिपाहियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे समाज में जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता की अभी भी कमी है, जिसे दूर करना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने साइबर अपराध से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आम जनता की सुरक्षा के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

ड़

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर