चैती छठ पूजा को लेकर बाजारों में उमड़ी भीड़,खरीदारी में जुटे व्रती
पूर्वी चंपारण,23 मार्च (हि.स.)।आस्था और श्रद्धा का महापर्व चैती छठ पूजा को लेकर जिले के बाजारो में व्रतियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। पर्व के नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारी का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। सुबह से लेकर देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है और हर ओर लोगों की भीड़ देखी जा रही है।
छठ व्रती एवं उनके परिजन पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हुए हैं। विशेष रूप से आदी, सेव, अनार, केला, नारियल, सिंघाड़ा, नींबू,गन्ना व फलों की दुकानों पर काफी भीड़ देखने को मिल रही है। इसके साथ ही सूप, दौरा, टोकरी, मिट्टी के दीये और ठेकुआ बनाने के लिए आटा-गुड़ जैसी पारंपरिक सामग्रियों की भी जमकर बिक्री हो रही है।
व्रती पूरी श्रद्धा और नियम के साथ शुद्ध एवं स्वच्छ सामग्री का चयन कर रहे हैं, जिससे दुकानों पर खरीदारी में थोड़ा अधिक समय भी लग रहा है। कई जगहों पर भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए दुकानदारों द्वारा अलग-अलग कतारें भी बनाई गई हैं।
दुकानदारों के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी छठ पूजा को लेकर बाजारों में अच्छी रौनक देखने को मिल रही है। कल नहाय-खाय के बाद व्रती दुसरे दिन आज खरना करेगे,कल अस्तचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य दिया जायेगा। बुधवार को उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर व्रती इस चार दिवसीय महापर्व का समापन करेगे। छठ महापर्व की तैयारी को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बाजारों की यह रौनक इस पावन पर्व की आस्था और महत्ता को दर्शा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

