सीमा पर ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, 100.4 ग्राम मादक पदार्थ के साथ एक गिरफ्तार
किशनगंज, 28 जुलाई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और दिघलबैंक थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 100.4 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है तथा एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब ₹2 लाख बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी की एफ कंपनी धनतोला और दिघलबैंक थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती तेलीभिट्ठा गांव स्थित एक घर में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद दोनों एजेंसियों की संयुक्त टीम ने तेलीभिट्ठा निवासी भीम प्रसाद हरिजन के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे से 100.4 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
मौके से भीम प्रसाद हरिजन को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद मंगलवार दोपहर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दिघलबैंक थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस लगातार संयुक्त अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

