शिवनारायणपुर में हथियार और 30 कारतूस के साथ कटिहार के दो शातिर अपराधी गिरफ्तार
भागलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। एसएसपी कार्यालय भागलपुर के हवाले से बुधवार को बताया गया कि गुप्त सूचना के आधार पर शिवनारायणपुर पुलिस ने हथियार और 30 कारतूस के साथ कटिहार के दो शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थों की बरामदगी और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिवनारायणपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को भारी मात्रा में कारतूस और अवैध हथियार के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना की साजिश नाकाम हो गई है।
एसएसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 11-12 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12 बजे पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के बेका चाय दुकान के पास कुछ अपराधी अवैध हथियारों से लैस होकर किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में मंडरा रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया। विशेष टीम ने सशस्त्र बल के साथ चिन्हित इलाके में पहुंचकर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान पीरपैंती की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस बल को देखकर हड़बड़ा गए और गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर पीछा किया और दोनों को खदेड़कर दबोच लिया। हिरासत में लिए गए दोनों युवकों की जब पुलिस ने सघन तलाशी ली, तो उनके पास से हथियार और भारी मात्रा में गोलियां बरामद हुईं। एक युवक के पास से एक देसी कट्टा और 28 जिंदा कारतूस मिले, जबकि दूसरे युवक के पास से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने उनके पास से कुल एक देसी कट्टा, 30 जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के बकिया दियारा निवासी धर्मेंद्र कुमार मंडल और राकेश उर्फ राजेश मंडल के रूप में की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस और हथियार वे कहां से लाए थे और उनके आपराधिक मंसूबे क्या थे। शिवनारायणपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

