लोडेड पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस के साथ एक बदमाश गिरफ्तार
भागलपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले की जगदीशपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को लोडेड पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। हथियार और कारतूस की बरामदगी के बाद इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बुधवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम कोलाखुर्द रोड की ओर रवाना हुई। वहां पहुंचने से पहले पुलिस ने वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिसे रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने का प्रयास करने लगे। सशस्त्र बल के सहयोग से एक युवक को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा युवक बाइक से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम शिवम कुमार (20), निवासी ग्राम कोलाखुर्द, थाना जगदीशपुर, जिला भागलपुर बताया।
तलाशी के दौरान शिवम कुमार की कमर से एक देसी पिस्टल तथा जेब से पांच जिंदा कारतूस से भरी मैगजीन बरामद की गई। पूछताछ में उसने बताया कि पिस्टल और मैगजीन उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार अमित कुमार की है। उसका आरोप है कि पुलिस को देखकर भागने के दौरान अमित कुमार ने पिस्टल उसकी कमर में और मैगजीन उसकी जेब में डाल दी तथा खुद फरार हो गया। पुलिस ने शिवम कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया तथा उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
फरार आरोपित अमित कुमार की गिरफ्तारी के लिए कोलाखुर्द समेत उसके अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, लेकिन वह अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। यह भी जांच की जा रही है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

