home page

अवैध हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार

 | 
अवैध हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार


भागलपुर, 06 जून (हि.स.)। भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब, आर्म्स, और मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए सघन गश्ती एवं चोरी, छिनतई के हॉट-स्पॉट पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में नाथनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर अपराधी को भारी मात्रा में अवैध आग्नेयास्त्रों (हथियारों) और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उक्त आशय की जानकारी शनिवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने दी।

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि नाथनगर थानांतर्गत साकिन-राघोपुर का रहने वाला सुरेश मंडल उर्फ अशोक कुमार (पिता- स्वर्गीय चुलहाई मंडल) किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने के उद्देश्य से अपने घर पर अवैध आग्नेयास्त्रों का संग्रह कर रहा है।

इस सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसएसपी भागलपुर के निर्देशन में, नगर पुलिस अधीक्षक, भागलपुर की निगरानी में तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02, भागलपुर एवं नाथनगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा जब प्राप्त सूचना के सत्यापन के लिए सुरेश मंडल उर्फ अशोक कुमार के राघोपुर स्थित घर पर छापेमारी की गई, तो वहां से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने मौके से ही आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आवश्यक पूछताछ करते हुए सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक देसी राइफल, एक देसी बंदूक, सात कारतूस और राइफल का टूटा हुआ लकड़ी का एक बट बरामद किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त सुरेश मंडल उर्फ अशोक कुमार पिता स्वर्गीय चुलहाई मंडल, साकिन-राघोपुर, थाना-नाथनगर, जिला-भागलपुर का रहने वाला है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर