8.15 ग्राम ब्राउन शुगर के सात बदमाश गिरफ्तार
भागलपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब, आर्म्स और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिग्घी गांव में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर 2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने दिग्घी गांव में छापेमारी की, जहां कुछ संदिग्ध लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। सशस्त्र बल की मदद से सभी संदिग्धों को खदेड़कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपिताें में शिशु कुमार, राहुल कुमार, राजेश कुमार, चंदन कुमार दास, धर्मवीर कुमार दास, सिंदु कुमार और बुध नारायण ठाकुर शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 8.15 ग्राम ब्राउन शुगर और 8,650 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपिताें के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

