home page

अपराध की योजना बना रहा था युवक, कट्टा-कारतूस के साथ गिरफ्तार

 | 
अपराध की योजना बना रहा था युवक, कट्टा-कारतूस के साथ गिरफ्तार


सीवान, 08 अगस्त (हि.स.)। सीवान जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र के सोना नदी किनारे तीनमुहानी के पास पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान जीरादेई थाना क्षेत्र के रेपुरा निवासी फिरोज खान के पुत्र बिट्टु खान के रूप में हुई है।

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि जीरादेई थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोना नदी के किनारे तीनमुहानी के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक संदिग्ध भागने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में उसकी पहचान बिट्टु खान के रूप में हुई। मामले में जीरादेई थाना में आयुध अधिनियम की धारा 25(1-बी)ए/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बिट्टु खान का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जीरादेई थाना में वर्ष 2019 में मारपीट, चोरी, तोड़फोड़ समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2023 में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा वर्ष 2024 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4) के तहत भी मामला दर्ज किया गया था।

कार्रवाई में जीरादेई थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक राहुल तिवारी समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma