home page

लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो युवक गिरफ्तार, छह मोबाइल और छह एटीएम कार्ड बरामद

 | 
लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो युवक गिरफ्तार, छह मोबाइल और छह एटीएम कार्ड बरामद


नालंदा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। नालंदा जिले में लोन दिलाने के नाम पर व्हाट्सऐप के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाले दो युवकों को नालंदा साइबर थाना की पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान कतरीसराय थाना क्षेत्र के बजराचक गांव निवासी सन्नी कुमार (23) और प्रिंस कुमार (20) है।

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि साइबर पुलिस पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबरों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वे व्हाट्सऐप के माध्यम से क्रेडिट बी का एजेंट बनकर भोले-भाले लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करते थे।इस मामले में नालंदा साइबर थाना कांड संख्या दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपिताें को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है जहां से वे वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले छह मोबाइल फोन और छह एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन में स्क्रीन टच मोबाइल भी शामिल हैं।इस मामले का सफल उद्भेदन करने वाली पुलिस टीम में नालंदा साइबर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार और तौकीर खान, सिपाही चंदन कुमार, राजन कुमार मांझी, यश कुमार, ऋतुराज एवं रविनंदन कुमार शामिल थे। इसके अलावा गृह रक्षक संदीप कुमार और करन कुमार ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

नालंदा साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फोन कॉल, व्हाट्सऐप कॉल, एसएमएस या विज्ञापनों के माध्यम से मिलने वाले लोन संबंधी प्रस्तावों पर भरोसा करने से पहले उनकी सत्यता की जांच अवश्य करें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे