नालंदा जिले के अलग-अलग हादसे में 4 लोगों की मौत
नालंदा, बिहारशरीफ 12 सितंबर (हि.स.)। नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत ठनपुरा गांव के खंधा पुल के पास सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे से शनिवार को बाइक समेत युवक का शव बरामद किया गया।
मृतक पटना जिले के भदौर थाना क्षेत्र के गोड़िहारी गांव निवासी चुन्नू मांझी के पुत्र सतीश कुमार हैं।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार देर शाम वह बाइक से अपने ससुराल परवलपुर से घर लौट रहा था। शनिवार को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को बाहर निकाला।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि आशंका है कि बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई और रात होने से मदद नहीं मिल पाई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
वहीं दूसरी घटना परवलपुर थाना अंतर्गत बड़ी मठ गांव में शनिवार की सुबह सर्पदंश से 19 वर्षीय हरिनंदन मांझी की मौत हो गई। वह श्लोम मांझी का पुत्र था। भाई दीपक ने बताया कि शादी के एक साल बाद उसकी एक माह की बेटी है। रात में खाना खाकर वह मठ में सोने गया था। दर्द होने पर उठा तो ग्रामीणों ने सांप को देखकर मार दिया।ग्रामीणों की मानें तो परिजन पहले उसे ओझा-गुनी के पास ले गए। तीन घंटे बाद हालत बिगड़ने पर परवलपुर अस्पताल लाया गया, जहां से सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर हिलसा थाना क्षेत्र के लोकाइन नदी के रेडी पुल के पास शनिवार को डूबे किशोर का शव बरामद हुआ।
मृतक रसलपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार का 14 वर्षीय पुत्र मयंक कुमार है।परिजनों ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे मयंक मछली पकड़ रहे लोगों को देखने गया था, तभी पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया। घटना के बाद बाजीतपुर गांव के पास नदी से तीन किमी दूर शव मिला।थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है।
उधर सिलाव थाना क्षेत्र के कमदारगंज गांव में शनिवार को ही पंचाने नदी में मवेशी धोने के दौरान डूबे 76 वर्षीय अर्जुन यादव का शव दोपहर में बरामद किया गया।परिवार वालों ने बताया कि पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए थे।ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
वहीं एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर विपिन कुमार, धर्मवीर, विकास और दयाचंद ने फिर से तलाश शुरू की तब दोपहर करीब 2 बजे घटनास्थल से 500 मीटर दूर नदी की तलहटी से शव मिला।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

