नालंदा जिले में देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
Bihar, 08 सितंबर (हि.स.)। नालंदा जिले में अवैध आग्नेयास्त्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक, नालंदा के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध हथियार रखने और उसके इस्तेमाल पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार छापेमारी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत आज मंगलवार को रहुई थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रहुई थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव में एक व्यक्ति अवैध आग्नेयास्त्र लेकर घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले सूचना का सत्यापन किया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए रहुई थाना पुलिस की टीम ने विधिवत छापेमारी की छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल (कट्टा) और दो जिंदा कारतूस के साथ पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस द्वारा बरामद हथियार एवं कारतूस को जब्त कर लिया गया है।गिरफ्तार युवक की पहचान राजपाल पासवान (24 वर्ष) के रूप में की गई है। वह बढ़न पासवान का पुत्र तथा मुस्तफापुर गांव, थाना रहुई, जिला नालंदा का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर रहुई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार अभियुक्त से आवश्यक पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
पुलिस ने एक देसी पिस्तौल, कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप की स्थिति है। जिले में अवैध आग्नेयास्त्रों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

