नालंदा जिले के पुलिस कप्तान ने किया तीन थानों का औचक निरीक्षण
नालंदा, बिहारशरीफ 06 सितंबर (हि.स.)। नालंदा जिले में पुलिसिंग व्यवस्था और रात्रि गश्ती की स्थिति का जायजा लेने के लिए एसपी ने रविवार की सुबह जिले के तीन थानों का औचक निरीक्षण किया।
एसपी सबसे पहले सरमेरा थाना, इसके बाद लहेरी थाना और फिर रहुई थाना पहुंचे। अचानक हुए निरीक्षण से थानों में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों में हलचल मच गई।निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पदाधिकारियों, मुंशी तथा रात्रि गश्ती दल की उपस्थिति और उनकी कार्यप्रणाली की जांच की।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से ड्यूटी से संबंधित कई सवाल-जवाब भी किए और रात्रि में पुलिस की सक्रियता की जानकारी ली।
एसपी ने थानों में लंबित कांडों से संबंधित फाइलों की भी पड़ताल की। इसके अलावा हाजत, मालखाना और सीसीटीएनएस की स्थिति की जांच करते हुए आवश्यक अभिलेखों एवं पुलिसिंग प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान किसी तरह की बड़ी अनियमितता सामने नहीं आने की बात कही जा रही है। वरीय पुलिस अधिकारी ने व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए ‘ऑल इज वेल’ का संकेत दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानाध्यक्षों को रात्रि गश्ती और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रात में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की जाए। अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी ने थानों में पहुंचने वाले फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।
एसपी के औचक निरीक्षण को पुलिस व्यवस्था की निगरानी और जवानों की रात्रिकालीन ड्यूटी में सक्रियता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

