home page

नालंदा में अवैध बालू खनन के दौरान धंसी मिट्टी, दबकर किशोर की मौत

 | 
नालंदा में अवैध बालू खनन के दौरान धंसी मिट्टी, दबकर किशोर की मौत


नालंदा, बिहारशरीफ 02 जुलाई (हि.स.)। नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र अंतर्गत महमदपुर गांव में गुरुवार को अवैध बालू खनन के दौरान मिट्टी व बालू धंसने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

सूचना पर पुलिस पहुंचकर जांच में जुट गई। मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के दरियासराय मुसहरी गांव निवासी मनोज चौधरी के पुत्र रौशन चौधरी के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नदी से ट्रैक्टर पर अवैध बालू लोड किया जा रहा था। तभी बालू का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया और रौशन उसकी चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से बालु का अवैध खनन हो रहा है। अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ग्रामीण सड़कों से गुजरते हैं, जिससे सड़कें भी जर्जर हो गई हैं।

गिरियक थाना के थानाध्यक्ष निशांत भूषण ज्ञानेंदु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अवैध खनन से जुड़ा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की अनुसंधान में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे