home page

नालंदा जिले में पार्किंग विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, प्राथमिकी दर्ज

 | 

नालंदा, बिहारशरीफ 10 जून (हि.स.)। नालंदा जिले के नालंदा थानांतर्गत वास्तु बिहार कॉलोनी में बुधवार की अहले सुबह पार्किंग विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई।

घटना में न सिर्फ दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडे चले बल्कि हथियार भी लहरा कर दहशत का माहौल पैदा कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार वास्तु बिहार कालोनी के निवासी पप्पू कुमार अपने घर के सामने गाड़ी पार्किंग कर रहा था, इसी बीच वास्तु बिहार के समन्वयक जितेन्द्र कुमार किसी अन्य का वाहन लगाने संबंधी विवाद करने लगा। मामला इतना बढ़ गया कि लाठी डंडे और हथियार के साथ दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

घटना की जानकारी नालंदा थाना पुलिस को दी गई । नालंदा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है और इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। नालंदा थाना पुलिस मामले की हर बिंदु की अनुसंधान में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे