home page

नालंदा जिले में इलाज के दौरान एएनएम की मौत, पति लापता

 | 

नालंदा , बिहारशरीफ 13 मई (हि.स.)।नालंदा जिले के राजगीर प्रखंड अंतर्गत हसनपुर गांव निवासी एवं हाजीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एएनएम मालती देवी (56 ) की इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार की सुबह जब उनकी पुत्री अदिति कुमारी और दामाद साहिल राज शव लेकर पैतृक गांव हसनपुर पहुंचे तो घर में ताला बंद मिला। काफी देर तक इंतजार और संपर्क की कोशिश के बावजूद घर का दरवाजा नहीं खुला तथा मृतका के पति राम विनय प्रसाद से भी संपर्क नहीं हो सका। बाद में ग्रामीणों और पुलिस की मौजूदगी में घर का ताला तोड़कर प्रवेश कराया गया।घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार मालती देवी लंबे समय से डिमेंशिया बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज रांची में चल रहा था। इलाज के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। मृतका की पुत्री अदिति कुमारी और उनके पति साहिल राज ने बताया कि मां का इलाज रांची में कराया जा रहा था। इलाज के दौरान निधन होने के बाद वे शव लेकर हसनपुर गांव पहुंचे, लेकिन घर बंद मिला। उन्होंने बताया कि घटना के बाद मृतका के पति राम विनय प्रसाद से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ बता रहा था। यहां तक कि रांची के लेबर भूतिया क्षेत्र स्थित उनके आवास पर भी संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन वहां भी उनका कोई पता नहीं चल सका।बताया जाता है कि राम विनय प्रसाद कृषि विभाग में कार्यरत हैं। गांव के लोगों के अनुसार पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के संबंध सामान्य नहीं थे।

ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच पारिवारिक विवाद की स्थिति बनी रहती थी। इसी कारण घटना के बाद पति के गांव नहीं पहुंचने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।पुत्री अदिति कुमारी की शादी नूरसराय प्रखंड के धर्मपुर गांव निवासी साहिल राज से हुई है। उनका एक पुत्र अयांश राज भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे