जंगल बाजार में जुआ अड्डे पर पुलिस की कार्रवाई, 16 गिरफ्तार, 1.43 लाख नकद बरामद
बक्सर, 09 जुलाई (हि.स.)। डुमरांव थाना पुलिस ने जंगल बाजार रोड स्थित संतोषी सिनेमा के पास संचालित एक कथित जुआ अड्डे पर छापेमारी कर बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया।
थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार सिन्हा के स्वलिखित बयान पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर 8 जुलाई की रात पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर कुछ लोग भाग निकले, जबकि मौके से 16 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ताश के पत्ते, जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री, 1,43,810 नकद, 13 मोबाइल फोन तथा एक बिना नंबर की हरे रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की।
प्राथमिकी में आरोप है कि गिरफ्तार लोगों ने संगठित गिरोह बनाकर लंबे समय से जुआ का अड्डा संचालित कर भोले-भाले लोगों को फंसाकर अवैध रूप से पैसे की उगाही की। पुलिस ने एक व्यक्ति को इस पूरे खेल का संचालक बताते हुए उसकी भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

