home page

किशनगंज में शराब तस्करों पर कसा शिकंजा, 10.5 लीटर विदेशी शराब बरामद, 15 गिरफ्तार

 | 
किशनगंज में शराब तस्करों पर कसा शिकंजा, 10.5 लीटर विदेशी शराब बरामद, 15 गिरफ्तार


किशनगंज, 29 जुलाई (हि.स.)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाकर शराब तस्करों और शराब पीने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 10.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जबकि शराब तस्करी और सेवन के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर एच.के. शर्मा और उत्पाद निरीक्षक हैदर अली के संयुक्त नेतृत्व में किशनगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर सघन जांच अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम ने उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 8.5 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। सदर अस्पताल में मेडिकल जांच एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई फरिंगोला चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने की। नियमित वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच में कार से 2 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद कार में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान शराब का सेवन करने के आरोप में 11 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।

सभी आरोपिताें की मेडिकल जांच कर कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। उत्पाद विभाग और पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बिहार सरकार की शराबबंदी नीति को सख्ती से लागू करना प्रशासन की प्राथमिकता है। शराब की तस्करी, अवैध भंडारण, बिक्री और सेवन के खिलाफ आगे भी संयुक्त रूप से औचक छापेमारी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।अधिकारियों ने लोगों से भी शराबबंदी कानून का पालन करने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह