home page

अवैध खनन पर सख्ती, 134 वाहन जब्त, 344.61 लाख का जुर्माना

 | 
अवैध खनन पर सख्ती, 134 वाहन जब्त, 344.61 लाख का जुर्माना


किशनगंज, 14 अगस्त (हि.स.)। जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध परिवहन व भंडारण पर रोक लगाने सहित खनन राजस्व की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई और लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में खनन राजस्व, बालूघाटों की नीलामी एवं संचालन, अवैध खनन, परिवहन व भंडारण, जब्त वाहनों के राजसात, ईंट-भट्ठों, नीलाम पत्र, जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) तथा कार्य विभागों द्वारा लघु खनिज के उपयोग से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्य विभागों को अपनी योजनाओं में उपयोग किए गए लघु खनिज के नियमानुसार मालिकाना फीस एवं स्वामित्व शुल्क की राशि जमा करने का निर्देश दिया। साथ ही ईंट-भट्ठों की श्रम अधीक्षक के साथ संयुक्त जांच कराने तथा जब्त वाहनों के राजसात की कार्रवाई जल्द पूरी करने को कहा।

बैठक में जिले में संचालित बालू स्टॉक की जांच करने और चालान का सत्यापन करने का भी निर्देश दिया गया। अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गलगलिया, फरिंगगोला और रामपुर चेकपोस्ट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर संबंधित विभागों एवं पुलिस की संयुक्त टीम से लगातार छापेमारी करने को कहा गया। जिला खनन कार्यालय के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में 943.60 लाख रुपये के राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1466.33 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई है। वहीं अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध 24 प्राथमिकी दर्ज कर 134 वाहनों को जब्त किया गया है। इन मामलों में 344.61 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया, जबकि 275.30 लाख रुपये दंड की वसूली हो चुकी है।अगस्त माह में अवैध खनन से जुड़े 17 जब्त वाहनों के राजसात का प्रस्ताव भी भेजा गया है। बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला खनन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, एमवीआई, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत पीएचईडी, भवन, विद्युत, आरसीडी, आरडब्ल्यूडी, एनएचएआई और एलएईओ के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह