home page

माले का 13वां जिला सम्मेलन सम्पन्न, इन्द्रजीत चौरसिया बने जिला सचिव

 | 
माले का 13वां जिला सम्मेलन सम्पन्न, इन्द्रजीत चौरसिया बने जिला सचिव


सीवान, 02 अप्रैल (हि.स.)। भाकपा-माले का दो दिवसीय 13 वां जिला सम्मेलन गुरुवार को शहर के टाउन हॉल में सम्पन्न हुआ। यह सम्मेलन शहीद कॉ. चंद्रशेखर और श्याम नारायण यादव के शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सम्मेलन के अंतिम सत्र में 49 सदस्यीय नई जिला कमिटी का गठन किया गया। कमिटी ने सर्वसम्मति से इन्द्रजीत चौरसिया को नया जिला सचिव चुना। सम्मेलन का मुख्य नारा “बिहार को भाजपाई बुलडोजर राज के खिलाफ व्यापक जनप्रतिरोध” रहा।

इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जन मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने की जरूरत है।

सम्मेलन में आगामी राज्य सम्मेलन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 16, 17 और 18 मई को दरभंगा में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अधिसूचना जारी की गई।

राज्य सम्मेलन के लिए प्रतिनिधियों के चयन हेतु नामांकन प्रक्रिया 11 और 12 अप्रैल को आयोजित होगी। मैरवा, नौतन, गुठनी और दरौली क्षेत्र के लिए नामांकन मैरवा में, आंदर, रघुनाथपुर, सिसवन, हसनपुरा और हुसैनगंज के लिए आंदर में तथा सीवान, बड़हरिया, गोरियाकोठी, पचरुखी और दरौंदा सहित अन्य प्रखंडों के लिए सीवान स्थित पार्टी कार्यालय में नामांकन किया जाएगा।

नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी 13 अप्रैल को होगी, जबकि चुनाव 15 अप्रैल को संपन्न कराया जाएगा। भाकपा माले के किसी भी पूर्ण सदस्य को राज्य सम्मेलन में भाग लेने के लिए नामांकन करने का अधिकार होगा।

चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए सीवान में राज्य कमिटी सदस्य उमेश सिंह, आंदर में सुनील यादव और मैरवा में रवीन्द्र सिंह को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma