भाकपा (माले) ने मनाया 58वां पार्टी स्थापना दिवस
भागलपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। संप्रभु, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के संघर्ष की अगुआई करने के आह्वान के साथ भाकपा (माले) ने बुधवार को देशभर में अपना 58वां स्थापना दिवस मनाया। इसके साथ ही सर्वहारा के महान नेता व्लादिमीर इल्यिच लेनिन का 156वां जन्मदिन भी मनाया गया। इस अवसर पर भागलपुर के सुरखीकल स्थित यूनियन कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित करते हुए हंसुआ – हथौड़ा निशान वाला लाल झंडा फहराया।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने वाम आंदोलन के तमाम शहीदों – दिवंगतों की याद में दो मिनट का सामूहिक मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया और हर सम्भव तरीके से पार्टी का विस्तार करने व पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया। भाकपा (माले) के नगर प्रभारी मुकेश मुक्त ने मौके पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाकपा (माले) नक्सलबाड़ी के किसान विद्रोह की ज्वाला से उपजी पार्टी है। एक ऐसी पार्टी जिसने समूचे कम्युनिस्ट आंदोलन की क्रांतिकारी विरासत को गर्व के साथ ग्रहण किया और तमाम मुश्किलों में भी जनता की शक्ति, साहस और पहलकदमी से ऊर्जा ग्रहण करते हुए खुद को निरंतर नवीनीकृत किया है। शासक वर्ग द्वारा समय – समय पर कम्युनिस्टों के खत्म होने की उन्मादी विलाप को धता बताते हुए कम्युनिस्ट आन्दोलन बार–बार उठ खड़ा हुआ है।
साम्राज्यवाद के साथ सांठगांठ कर आज जब फासीवादी हुक्मरान, देश और आम नागरिकों का दमन कर रहें हैं, उससे छल कर रहे हैं और कम्युनिस्टों को बदनाम कर रहे हैं तो भाकपा (माले) को कम्युनिस्ट परचम उठा कर सही मायनों में सम्प्रभु, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के संघर्ष की अगुवाई करनी होगी। आइये हर संभव तरीके से भाकपा (माले) का विस्तार करें, उसे मजबूत करें और जनता का भारत बनाने की लड़ाई को आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रम में भाकपा (माले) के नगर प्रभारी मुकेश मुक्त, तिलकामांझी ब्रांच सचिव अमर कुमार, नगर कमिटी सदस्य बुधनी उरांव व पूनम देवी सहित किरण देवी, करण कुमार, कविता देवी, सुनील गुप्ता, प्रमोद ठाकुर आदि दर्जनों शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

