home page

गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा को लेकर कटिहार से प्रधानमंत्री को ज्ञापन

 | 
गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा को लेकर कटिहार से प्रधानमंत्री को ज्ञापन


कटिहार, 27 अप्रैल (हि.स.)। गौ सेवा ही राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ सोमवार को कटिहार की सड़कों से समाहरणालय तक गौ माता के सम्मान की गूंज सुनाई दी। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत बजरंग दल और प्रबुद्ध नागरिकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। मांग एक ही- गौ माता को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए।

हजारों हस्ताक्षर, मिस्ड कॉल से भी समर्थन

पिछले कई दिनों से शहर-गांव में घूमकर कार्यकर्ताओं ने आम लोगों से हस्ताक्षर जुटाए। डिजिटल समर्थन के लिए मिस्ड कॉल अभियान भी चलाया गया। गुरुवार को हजारों नागरिकों के हस्ताक्षर वाला विस्तृत प्रतिवेदन डीएम को सौंपा गया।

बजरंग दल ने सौंपा प्रतिवेदन

समाहरणालय पहुंचकर बजरंग दल के जिला संयोजक राणा सोनी ने डीएम से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि गौ माता सिर्फ पशु नहीं, भारतीय सभ्यता, कृषि और अध्यात्म की आधारशिला हैं। जनता की भावना है कि उन्हें राष्ट्रीय पशु का दर्जा मिले। यह ज्ञापन डीएम के जरिए पीएम और राष्ट्रपति को भेजा गया है।

‘जब तक दर्जा नहीं, आंदोलन जारी रहेगा’

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि गौ माता की सेवा ही राष्ट्र की सच्ची सेवा है। जब तक गौ माता को उचित सम्मान और राष्ट्रीय पशु का दर्जा नहीं मिल जाता, यह वैचारिक और सामाजिक आंदोलन जारी रहेगा।

विहिप और गौ-भक्त भी साथ

इस मौके पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी, स्थानीय गौ-भक्त और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जनभावनाओं से जुड़े इस पत्र को तुरंत केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा। कटिहार में गौ सम्मान की यह मुहिम अब जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह