home page

सोते समय चाय दुकानदार दंपती को अपराधियों ने गोलियों से भूना, इलाके में तनाव

 | 
सोते समय चाय दुकानदार दंपती को अपराधियों ने गोलियों से भूना, इलाके में तनाव


भागलपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की अहले सुबह अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी।

मृतकों की पहचान स्थानीय चाय-नाश्ते के दुकानदार रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। इस दोहरी हत्या के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रंजन मंडल अपनी पत्नी किरण देवी के साथ इस्माईलपुर हटिया में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे। गुरुवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच जब दोनों दुकान के भीतर सो रहे थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन पर धावा बोल दिया। अपराधियों ने रंजन मंडल को सोते हुए ही निशाना बनाया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पति पर हुए हमले को देख जान बचाने के लिए भागीं किरण देवी को भी अपराधियों ने नहीं बख्शा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने उन्हें खदेड़कर गोली मारी। गंभीर रूप से जख्मी किरण देवी ने भी घटनास्थल के समीप ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और सुबह होते-होते घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शवों को उठाने से रोक दिया। ग्रामीण हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इस्माईलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने खोजी कुत्तों (डॉग स्क्वॉड) और तकनीकी अनुसंधान टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं।

इस्माईलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि परिजनों की निशानदेही पर एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्ट्या मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर