home page

ई-रिक्शा से देशी शराब बरामद, महिला और चालक गिरफ्तार

 | 
ई-रिक्शा से देशी शराब बरामद, महिला और चालक गिरफ्तार


भागलपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के जीरोमाइल थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बुधवार को भारी मात्रा में अवैध देशी शराब के साथ एक महिला और एक ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जीरोमाइल थाना क्षेत्र के ज्योति विहार चौक के पास की गई है। आबकारी विभाग की टीम और स्थानीय थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ई-रिक्शा के जरिए अवैध देशी शराब की खेप ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर दोनों टीमों ने ज्योति विहार चौक के पास नाकेबंदी की और संदिग्ध ई-रिक्शा को रोककर उसकी सघन तलाशी ली। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि उसमें बेहद शातिराना तरीके से एक बोरी और एक थैले में भारी मात्रा में देशी शराब छिपाकर रखी गई थी। शराब मिलते ही पुलिस और आबकारी टीम ने मौके पर ही कानूनी कार्रवाई और कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग और थाना पुलिस की टीम के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। दोनों टीमों के बीच हुई इस बहस के चलते ज्योति विहार चौक पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बन गया। इस मामले में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार महिला व टोटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, बरामद देशी शराब की सही मात्रा का आकलन किया जा रहा है। पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान सत्यापित की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर