जनता के द्वार पहुंची नगर सरकार: कटिहार के 4 वार्डों में लगे 'सहयोग शिविर', मौके पर हुआ समस्याओं का निपटारा
कटिहार, 15 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को उनके वार्ड स्तर पर ही जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ देने के उद्देश्य से मंगलवार को चार अलग-अलग स्थानों पर 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य शुभारंभ वार्ड संख्या 31 स्थित सामुदायिक भवन में महापौर ऊषा देवी अग्रवाल, उप महापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार एवं वार्ड पार्षद पिंकी देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मौके पर हुआ शिकायतों का पंजीकरण व निष्पादन
वार्ड 31 के अलावा यह शिविर वार्ड संख्या 11 के दुर्गा मंदिर परिसर, वार्ड संख्या 26 के नाशिरगंज मैदान और वार्ड संख्या 42 के हवा महल परिसर में भी आयोजित किए गए। शिविरों में नगर निगम के विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया गया और नई नागरिक शिकायतों का पंजीकरण कर समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस दौरान संबंधित वार्डों के जनप्रतिनिधियों—पार्षद सागर पासवान (वार्ड 11), गजाला खातून (वार्ड 26) और जासमीन खातून (वार्ड 42)—ने सक्रिय भागीदारी निभाई और आमजन से निगम की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
दफ्तर के चक्कर काटने से मिलेगी मुक्ति
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, इन शिविरों का प्राथमिक उद्देश्य नागरिक सेवाओं को पारदर्शी, सुलभ और समयबद्ध बनाना है। स्थानीय स्तर पर समाधान मिलने से नागरिकों को अपने सामान्य कार्यों एवं शिकायतों के लिए निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

