सुपौल में ठेकेदार के घर डकैती, हथियार के बल पर परिवार को बनाया बंधक
सुपौल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के करजाइन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक संवेदक के घर भीषण डकैती की घटना हुई। करीब 10 से 12 नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर ठेकेदार सतेंद्र नारायण सिंह और उनके परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाश घर से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, कीमती कपड़े समेत करीब 50 से 60 लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
गृहस्वामी पीड़ित सतेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि रविवार देर रात करीब 1:20 बजे बदमाश घर में घुसे। इनमें से पांच अपराधी उनके कमरे में दाखिल हुए, जबकि पांच बाहर खड़े थे। सभी ने चेहरे ढक रखे थे और उनके हाथों में हथियार थे। एक बदमाश ने उनके सिर पर कट्टा सटाकर अलमारी की चाबी मांगी। विरोध करने या शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई। चहारदीवारी फांदकर घर के अंदर अपराधी दाखिल हुए थे। घटना के समय घर में सतेंद्र नारायण सिंह, उनकी पत्नी और मां मौजूद थीं। बदमाशों ने घर की एक-एक अलमारी खंगाली और उसमें रखे कीमती सामान समेट लिए। घर में मौजूद महिला के पहने हुए जेवर भी उतरवा लिए गए।
पीड़ित ने बताया कि बदमाश करीब एक घंटे तक घर में रहे और बेखौफ होकर लूटपाट करते रहे। इस दौरान परिवार के सदस्य हथियारबंद अपराधियों के डर से विरोध नहीं कर सके। पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाश करीब 20 भरी सोने की चूड़ियां, लगभग 500 ग्राम चांदी, नकदी, कीमती कपड़े और अन्य सामान ले गए। लूटी गई संपत्ति का अनुमानित मूल्य 60 से 65 लाख रुपये बताया जा रहा है। हालांकि, नकदी और अन्य सामान का विस्तृत ब्योरा सामने आना बाकी है।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर के मुख्य दरवाजे से बाहर निकले और दरवाजे की कुंडी बाहर से लगा दी। इससे परिवार के सदस्य तुरंत बाहर निकलकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी नहीं दे सके।
घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले के लोगों की भीड़ पीड़ित परिवार के घर जुट गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद करजाईन थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई। करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने घर के कुछ हिस्सों को सील किया है और बदमाशों की पहचान करने के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

