संविधान देश की आत्मा, नियमों का पालन करना ही सच्ची देशभक्ति: अभिनंदन सिंह
भागलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में गुरुवार को छात्रों एवं आचार्यों द्वारा पूरे उत्साह के साथ 'संविधान दिवस' मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संविधान के मूल्यों के स्मरण के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह ने कहा कि संविधान हमारे देश की आत्मा है, जो सभी नागरिकों को बिना किसी भेदभाव के जीने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि समानता, स्वतंत्रता और संवैधानिक नियमों का पालन करना ही सच्ची देशभक्ति है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह परम कर्तव्य है कि वह संविधान का सम्मान करे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अवधेश कुमार भारती ने कहा कि नागरिकों में न्याय, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व भाव तथा मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की समझ संविधान से ही विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। इन्हें जानकर अपने व्यावहारिक जीवन में उतारना ही संविधान दिवस मनाने की वास्तविक सार्थकता है। वहीं, रतन पाठक ने अपने विचार रखते हुए कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध कराने वाला हमारा संविधान समाज और राष्ट्र के निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी है।
समारोह के दौरान विद्यालय के कैडेट पियूष गुप्ता, दिव्यांशु कुमार, आदर्श कुमार, यशस्वी राज, सत्यम कुमार एवं आरव कुमार ने भी संविधान दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
पूरे कार्यक्रम का सफल मंच संचालन कैडेट यशस्वी राज द्वारा किया गया।
इस मौके पर शांतनु आनंद, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, चंद्रचूड़ कुमार, चंदन पांडे सहित विद्यालय के सभी आचार्य बंधु-भगिनी एवं छात्र उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

