किशनगंज सदर थाना परिसर में कांस्टेबल ने सर्विस पिस्टल से गोली मारकर की आत्महत्या
किशनगंज, 11 अक्टूबर (हि.स.)। किशनगंज के सदर थाना परिसर में रविवार सुबह एक कांस्टेबल ने अपनी सर्विस पिस्टल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर निवासी समीर कुमार के रूप में हुई है। वह किशनगंज सदर थाना में पदस्थापित थे।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:15 बजे कांस्टेबल समीर कुमार ने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घटना से पहले उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत की थी। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद परिजन भागलपुर से किशनगंज के लिए रवाना हो गए हैं।सहकर्मियों के अनुसार, समीर कुमार ने देर रात खाना खाने के बाद आराम किया था। सुबह उठने के बाद वह अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि इसके बाद उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। एक साथी कांस्टेबल ने बताया कि समीर पिछले दो-तीन दिनों से परेशान नजर आ रहे थे। उनकी पत्नी के साथ भी पिछले कई दिनों से किसी न किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। समीर कुमार की पहली पोस्टिंग वर्ष 2015 में समस्तीपुर में हुई थी। इसके बाद उनका तबादला मधुबनी कर दिया गया, जहां वह वर्ष 2025 तक तैनात रहे। अगस्त 2025 में वह किशनगंज आए थे। शुरुआत में उनकी तैनाती पुलिस लाइन में थी। बाद में करीब छह महीने पहले उन्हें टाउन थाना में डायल 112 की ड्यूटी सौंपी गई थी।
घटना की जांच के लिए एफएसएल की विशेष टीम को बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

