home page

छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं हुए तो कांग्रेस करेगी देशव्यापी आंदोलन: कमरुल होदा

 | 
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं हुए तो कांग्रेस करेगी देशव्यापी आंदोलन: कमरुल होदा


भागलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। किशनगंज से कांग्रेस विधायक कमरुल होदा ने भागलपुर के सर्किट हाउस में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और बिहार सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने तथा आंदोलनकारियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर एक टीम पूरे बिहार का दौरा कर छात्र आंदोलन की जमीनी हकीकत जान रही है। इस टीम में वे स्वयं राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रतिनिधि के रूप में भागलपुर पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि 20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में शुरू हुआ छात्र आंदोलन पूरे देश की आवाज बन गया। इस आंदोलन में देश के विभिन्न राज्यों और जिलों से छात्र-युवा जुड़े उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा की गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के सपनों पर चोट है। गरीब परिवार अपने बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और आईपीएस बनाने के लिए वर्षों तक मेहनत और त्याग करते हैं। माता-पिता अपना पेट काटकर बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाते हैं, लेकिन जब परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है तो उनके सारे सपने बिखर जाते हैं।

कमरुल होदा ने कहा कि छात्रों और युवाओं की इसी आवाज ने केंद्र सरकार को झुकने पर मजबूर किया और तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही छात्रों के साथ खड़ी रही है। पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी लगातार संसद और सड़क दोनों जगह छात्रों की आवाज उठाते रहे कांग्रेस की मांग थी कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों की बात सुनी जाए और संसद में इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा कर समाधान निकाला जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के बावजूद कांग्रेस नेताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज सुनने के बजाय सरकार ने दमन का रास्ता अपनाया। विधायक ने कहा कि 24 जून को पटना स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा समर्थकों द्वारा हमला किया गया कार्यालय में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हुए। उस समय विधानसभा का सत्र चल रहा था।

कमरुल होदा ने कहा कि कांग्रेस लगातार यह मांग कर रही है कि संसद में ऐसा सशक्त कानून बनाया जाए, जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सके और छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो। साथ ही आंदोलन के दौरान छात्रों, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर