home page

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का भाजपा की नीतियों पर प्रहार

 | 
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का भाजपा की नीतियों पर प्रहार


अररिया 01 जून(हि.स.)।बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम सोमवार को कांग्रेस की ओर से संगठन की मजबूती और सशक्त बनाने को लेकर चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के समीक्षा को लेकर फारबिसगंज पहुंचे। जहां फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास और जिलाध्यक्ष मासूम रजा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। फारबिसगंज पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा की नीतियों पर जमकर प्रहार किया और बंटवारे की नीतियों के तहत काम करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत प्रखंड से लेकर जिला स्तर पर एक लक्ष्य निर्धारित किया गया है।जिस पर अररिया जिला बखूबी काम कर रहा है।उन्होंने कहा कि बिहार कांग्रेस का बीपीसीसी के नाम से ऐप है,जिसके माध्यम से संगठन से डिजिटलीकरण माध्यम से सदस्यों को जोड़ा जा रहा है और बिहार देश का पहला राज्य है,जो पूरी तरह डिजिटल है।उन्होंने कहा कि बिहार प्रदेश कमिटी का गठन होने वाला है और उपाध्यक्ष,महासचिव और सचिव का चयन ऐप के माध्यम से परफॉर्मेंस के आधार पर संगठन से जोड़ा जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एसआईआर घुसपैठियों को निकालने को लेकर लाया गया था। लेकिन अब तक किस जिले में कितने घुसपैठिये चिन्हित किए गए है और कौन कौन है,उनका नाम जारी नहीं किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा जाति,धर्म और मजहब के नाम पर टुकड़ों में विभक्त करने की सियासत कर रही है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जिस तरह से संसद सदस्य और विपक्ष पर हमला किया जा रहा है, वह सुनियोजित साजिश के तहत हो रहा है। बंगाल से 27 लाख मतदाताओं के नाम को मतदाता सूची से हटा दिया गया,जबकि वे लोग वर्षों से मतदान की प्रक्रिया में भाग लेते आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते कीमत,महंगाई,डॉलर के अपेक्षा रूपये की गिरावट, नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा नहीं करती,बल्कि वह चर्चा करती है मंदिर मस्जिद,जाती,धर्म और मजहब के नाम पर बटवारे पर।

उन्होंने कहा कि सीमांचल का इलाका मक्का उत्पादन का हब है,लेकिन सरकार की ओर से तय एमएसपी 2400 रूपये प्रति क्विंटल का भाव किसानों को नहीं मिल रहा है।कॉरपोरेट घराना के इशारे पर निर्यात दर को घटाकर आयात दर को बढ़ा दिया है,जिससे किसान के समक्ष त्राहिमाम की स्थिति है।उन्होंने सीमांचल को लेकर केंद्र शासित प्रदेश गठन की संभावनाओं पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी।

मौके पर विधायक मनोज विश्वास,जिलाध्यक्ष मासूम रजा,मनोज कुमार जायसवाल,कफिल अंसारी,रियाज अंसारी,शंकर प्रसाद साह,इरशाद सिद्दीकी, करण कुमार पप्पू,पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा,शाद अहमद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर