रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल की किल्लत व बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
किशनगंज, 02 अप्रैल (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को किशनगंज नगर परिषद अंतर्गत महावीर मार्ग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल की किल्लत एवं बिजली दरों में लगातार वृद्धि के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहाबुल अख्तर ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष सजल कुमार साह ने की। वहीं युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद आज़ाद साहिल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता गैस सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने आरोप लगाया कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल की किल्लत और बिजली दरों में वृद्धि से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष मो. वसीम अख्तर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण कुमार साह, सहकारिता प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मो. शोएब आलम, ओबीसी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष शंभू यादव, जिला उपाध्यक्ष तोसिफ अंजार, युवा नेता आदर्श कुमार शाह, वरिष्ठ नेता सुमेंदर बहादुर, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शाह आलम व अतुल कुमार, नगर सचिव शुभम कुमार दास, नगर उपाध्यक्ष तनवीर आलम, कांग्रेस नेता तस्लीम, प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल कबीर, मनोज ठाकुर, मो. अकबर, मो. नजरुल आलम, मो. अमजद अली, सादिक आलम, सज्जाद आलम, रिजवान अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

