home page

सांसद डॉ. जावेद आजाद पर कथित हमले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मोदी का पुतला फूंका

 | 
सांसद डॉ. जावेद आजाद पर कथित हमले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मोदी का पुतला फूंका


किशनगंज, 22 जुलाई (हि.स.)। सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद पर दिल्ली में हुए कथित हमले के विरोध तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष साहबूल अख्तर ने किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर गांधी चौक पहुंचे तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद के साथ हुई कथित घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष साहबूल अख्तर ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में युवाओं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले जनप्रतिनिधियों के साथ अन्याय हो रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रताड़ित किया जा रहा है और असहमति की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों और हाल के विवादों का उल्लेख करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जनता के हितों और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार जवाबदेही से नहीं बच सकती।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी गांधी चौक पहुंचे और पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि कुछ समय के लिए गांधी चौक क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए आवागमन को सामान्य कराया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह