home page

एलपीजी की किल्लत और बढ़ती कीमतों के खिलाफ पटना में कांग्रेस का प्रदर्शन

 | 
एलपीजी की किल्लत और बढ़ती कीमतों के खिलाफ पटना में कांग्रेस का प्रदर्शन


पटना, 19 मार्च (हि.स.)। इनकम टैक्स चौराहा पर एलपीजी सिलेंडर की किल्लत एवं लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी का पुतला दहन किया गया।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने देश में उत्पन्न गैस सिलेंडर संकट को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत हो गई है और आम जनता को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में गैस के लिए लाइन में लगे बुजुर्गों की मौत की खबरें सामने आई हैं, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह स्थिति केंद्र सरकार की नाकामी और कुप्रबंधन का सीधा उदाहरण है। सरकार आम जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में पूरी तरह विफल हो चुकी है, जबकि प्रधानमंत्री और उनके मंत्री केवल प्रचार में व्यस्त हैं।

राजेश राम ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश की आम जनता महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कमी से त्रस्त है। एलपीजी सिलेंडर की किल्लत ने आम लोगों के घरों का चूल्हा ठंडा कर दिया है, जबकि लगातार बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।

उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है और सिर्फ अपनी राजनीतिक लाभ-हानि में व्यस्त है। कांग्रेस पार्टी आम जनता के इस दर्द को बर्दाश्त नहीं करेगी और सड़क से सदन तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।

राजेश राम ने मांग की कि सरकार तुरंत गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करे, दोषियों की जिम्मेदारी तय करे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एलपीजी की आपूर्ति सुचारू करने तथा कीमतों में तत्काल कमी की मांग की।

इस प्रदर्शन में विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डॉ मदन मोहन झा, पूर्व विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्रा, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, अमिता भूषण, ब्रजेश पाण्डेय, सहित बड़ी संख्या कांग्रेसजन एवं जिलाध्यक्ष मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त