home page

कांग्रेस फैक्ट फाइंडिंग टीम ने सीवान में गोलीकांड के घायलों से की मुलाकात

 | 
कांग्रेस फैक्ट फाइंडिंग टीम ने सीवान में गोलीकांड के घायलों से की मुलाकात


सीवान, 01 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित फैक्ट फाइंडिंग टीम ने शनिवार को शहर के शेख मोहल्ला पहुंचकर गोलीकांड में घायल आरिफ कुरैशी से मुलाकात की। इस दौरान घायल आकाश को भी वहीं बुलाया गया, जहां टीम ने दोनों घायलों से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली और उनके परिजनों से भी बातचीत की।

फैक्ट फाइंडिंग टीम में राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी, सासाराम के सांसद मनोज कुमार, विधायक विक्रांत भूरिया, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मिमांसा आर्या, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष उमैर खान समेत कई नेता शामिल थे।

टीम ने दोनों घायलों से घटना के समय की परिस्थितियों और इलाज से जुड़ी जानकारी ली। आरिफ कुरैशी ने अपनी आपबीती सुनाई, जबकि आकाश ने भी घटना के संबंध में अपना पक्ष रखा। बताया गया कि आरिफ को गर्दन में तथा आकाश को कंधे में गोली लगी थी। दोनों का इलाज मेदांता अस्पताल में हुआ और स्वास्थ्य लाभ के बाद वे अपने-अपने घर लौट चुके हैं।

आकाश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का निवासी है। वह इंटरमीडिएट उत्तीर्ण है और उसका विवाह संबंध सीवान में तय हुआ है। इसी सिलसिले में वह सीवान आया था, जहां गोलीबारी की घटना में घायल हो गया।

मुलाकात के बाद राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी न्याय की लड़ाई में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि फैक्ट फाइंडिंग टीम पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सौंपेगी।

इमरान प्रतापगढ़ी ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही उन्होंने अपनी राजनीतिक टिप्पणी में दोनों नेताओं की कड़ी आलोचना की।

इस दौरान इमरान प्रतापगढ़ी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से घायल आरिफ कुरैशी और आकाश को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने दोनों पीड़ितों के बैंक खाते का विवरण लेकर कहा कि एक-दो दिनों के भीतर सहायता राशि सीधे उनके खातों में भेज दी जाएगी।

सासाराम के सांसद मनोज कुमार ने कहा कि फैक्ट फाइंडिंग टीम पीड़ितों के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे कांग्रेस नेतृत्व को सौंपा जाएगा ताकि मामले को संसद और अन्य लोकतांत्रिक मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma