home page

कांग्रेस नई मुस्लिम लीग बन गई है, ‘वंदे मातरम्’ पर राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण: मंत्री इं. शैलेंद्र

 | 
कांग्रेस नई मुस्लिम लीग बन गई है, ‘वंदे मातरम्’ पर राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण: मंत्री इं. शैलेंद्र


भागलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इं. शैलेंद्र ने कांग्रेस द्वारा ‘वंदे मातरम्’ को केवल शुरुआती दो छंदों तक सीमित रखने के निर्णय पर कड़ा निशाना साधा है।

गुरुवार को बिहपुर एनडीए कार्यालय पहुंचे मंत्री ने कांग्रेस की बदलती राजनीतिक सोच और राष्ट्रवादी प्रतीकों के प्रति उसके दृष्टिकोण पर गंभीर सवाल खड़े किए। संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि जिस ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में राष्ट्रभाव और स्वाधीनता की चेतना जगाई, उसे लेकर कांग्रेस का मौजूदा रुख अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 1937 में मुस्लिम लीग ने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर आपत्ति जताई थी और आज कांग्रेस का भी इसी प्रकार का रुख सामने आ रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इतिहास स्वयं को दोहरा रहा है? कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि “आज की कांग्रेस नई मुस्लिम लीग बन गई है।” राष्ट्र से जुड़े प्रतीकों और भावनाओं के साथ किसी भी प्रकार की राजनीति देशहित में उचित नहीं है।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, महामंत्री प्रभुनंदन चौधरी, मंत्री रूपेश रूप और विधानसभा संयोजक दिनेश यादव ने भी विपक्षी दलों के रुख की कड़े शब्दों में आलोचना की। नेताओं ने इसे देश के मान-सम्मान और स्वाभिमान से जुड़े विषय पर मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति की पराकाष्ठा करार दिया। बैठक में दिलीप सिंह, बाल्मिकी मंडल, दिलीप महतो, ब्रजेश चौधरी एवं ब्रजेश शर्मा नागर समेत दर्जनों कार्यकर्ता व एनडीए नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर