home page

कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर एकजुटता पर जोर

 | 
कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर एकजुटता पर जोर


भागलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में स्थानीय धर्मशाला में शुक्रवार को दो दिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

शिविर में मुख्य रूप से बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य संगठन को धरातल पर मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में अनुशासन का संचार करना और आगामी चुनावों और राजनीतिक चुनौतियों को लेकर ठोस रणनीति तैयार करना है।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की अपील की। शिविर में अधिक से अधिक आम लोगों, युवाओं और महिलाओं को कांग्रेस की नीतियों ओर विचारधारा से जोड़ने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देते हुए नेताओं ने कहा कि वे जनता के बीच जाएं, उनकी स्थानीय समस्याओं को समझें और उन्हें पार्टी के मंच से मजबूती से उठाएं। आने वाले समय की राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को नया रूप देने पर भी मंथन किया गया। मंच पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी मौजूदगी रही। वहीं, शिविर में शामिल कार्यकर्ताओं ने भी संगठन विस्तार और जमीनी स्तर पर काम करने को लेकर अपने-अपने सकारात्मक सुझाव और विचार साझा किए। नेताओं ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविरों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होता है, जो भविष्य में पार्टी को एक नई दिशा और मजबूती देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर