home page

सुल्तानगंज की 9 पंचायतों में घुसा बाढ़ का पानी, 8 जगहों पर सामुदायिक किचन शुरू

 | 
सुल्तानगंज की 9 पंचायतों में घुसा बाढ़ का पानी, 8 जगहों पर सामुदायिक किचन शुरू


भागलपुर, 09 सितंबर (हि.स.)।जिले के सुल्तानगंज प्रखंड की नौ पंचायतों में बाढ़ का पानी घुसने से स्थिति गंभीर हो गई है।

प्रभावित इलाकों का स्थानीय विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल और जिला परिषद सदस्य आशा जयसवाल ने जायजा लिया। जनप्रतिनिधियों के निर्देश के बाद सरकार द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में आठ जगहों पर सामुदायिक किचन की शुरुआत की गई है, ताकि पीड़ितों को भोजन मिल सके।

हालांकि, राहत व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है। बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि गनगनिया से लेकर किशनपुर पंचायत तक कुल नौ पंचायतें बाढ़ की चपेट में हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक केवल गनगनिया, महेशी, मोतीचक और किशनपुर पंचायत में ही सामुदायिक किचन चालू किया है।

शेष प्रभावित पंचायतों में रसोई न चलने के कारण लोगों के सामने खाने-पीने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इसके साथ ही, निचले इलाकों में पानी भरने से पशुओं के चारे की भारी किल्लत हो गई है, जिससे मवेशी भी भूखे रहने को मजबूर हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी नौ प्रभावित पंचायतों में तुरंत राहत सामग्री, सामुदायिक किचन और पशु चारे की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों का जनजीवन सामान्य हो सके। इस मौके पर दर्जनों बाढ़ पीड़ित और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर