home page

नशे का नहीं, पढ़ाई और बेहतर नागरिक बनने का जुनून पालें छात्र : डॉ. श्यामानंद

 | 
नशे का नहीं, पढ़ाई और बेहतर नागरिक बनने का जुनून पालें छात्र : डॉ. श्यामानंद


दरभंगा, 06 नवंबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत मनीगाछी प्रखंड स्थित जयानंद महाविद्यालय, नेहरा में शुक्रवार को नशामुक्ति अभियान के तहत परिचर्चा आयोजित की गई। प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. श्यामानंद शांडिल्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का विषय ‘नशामुक्ति अभियान : फायदे और नुकसान’ था।

मैथिली विभागाध्यक्ष सह प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. श्यामानंद शांडिल्य ने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और बेहतर नागरिक बनने का संकल्प लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि नशा करना ही है तो पढ़ाई-लिखाई और अच्छा नागरिक बनने का नशा करें। यही जीवन को सही दिशा दे सकता है।

एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सह हिंदी प्राध्यापक डॉ. विक्रम कुमार ने नशे को समाज के लिए नुकसानदेह बताते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया।

उन्होंने पूर्ण शराबबंदी को उचित ठहराया।

परिचर्चा को राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. अरुण कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। संचालन वाणिज्य विभागाध्यक्ष विपिन राम ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra