अंचल कार्यालय में हड़ताल का असर,दाखिल-खारिज से लेकर आरटीपीएस सेवा तक ठप
अररिया 09 मार्च(हि.स.)। जिले के नौ प्रखंडों में स्थित अंचल कार्यालय के अधिकारी अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के कारण कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हड़ताल के कारण जमीन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में सामान्य दिनों की तुलना में काफी सन्नाटा पसरा हुआ नजर आया।
सामान्य दिनों में जहां अंचल कार्यालय और आरटीपीएस काउंटर पर लोगों की भीड़ लगी रहती है, वहीं हड़ताल के कारण प्रखंड परिसर में काफी कम लोग नजर आए। कई लोग काम के सिलसिले में अंचल कार्यालय पहुंचे, लेकिन अधिकारियों के हड़ताल पर रहने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। आरटीपीएस काउंटर भी लगभग खाली पड़ा रहा और वहां कामकाज काफी धीमी गति से चलता दिखा।
जानकारी के अनुसार, राजस्व सेवा से जुड़े अधिकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्यव्यापी हड़ताल पर हैं। इसका सीधा असर अंचल कार्यालय के कामकाज पर पड़ा है। हड़ताल के कारण जमीन से जुड़े मामलों का निष्पादन नहीं हो पा रहा है और कई महत्वपूर्ण फाइलें लंबित हो गई हैं।अंचल कार्यालय में सबसे अधिक प्रभावित होने वाले कार्यों में दाखिल-खारिज, जमीन की ऑनलाइन रसीद कटाना, जमाबंदी सुधार, परिमार्जन, सीमांकन, एलपीसी जारी करना, भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई, जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े कागजातों की प्रक्रिया तथा अन्य राजस्व कार्य शामिल हैं। इन सेवाओं के प्रभावित होने से किसानों,जमीन की खरीद-बिक्री करने वाले लोगों, छात्रों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
किसानों का कहना है कि खेती से जुड़े कई कामों के लिए जमीन का कागजात आवश्यक होता है। दाखिल-खारिज और रसीद नहीं कटने से उन्हें बैंक से ऋण लेने में परेशानी हो रही है। वहीं छात्र और नौकरी के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को भी जमीन और निवास से जुड़े प्रमाण पत्रों के सत्यापन में कठिनाई हो रही है।
कई ग्रामीण इलाकों से आए लोगों ने बताया कि वे सुबह से ही अंचल कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन अधिकारियों के हड़ताल पर रहने के कारण उनका काम नहीं हो सका। बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
इस संबंध में फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी ने बताया कि राजस्व पदाधिकारियों के हड़ताल पर रहने के कारण अंचल कार्यालय के कई कार्य प्रभावित हुए हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। हड़ताल समाप्त होने के बाद लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

