home page

सीमावर्ती क्षेत्रों में बाल सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने पर बल

 | 
सीमावर्ती क्षेत्रों में बाल सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने पर बल


अररिया, 01 मई (हि.स.)।

अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस एवं राष्ट्रीय बाल श्रम विरोधी दिवस के मौके पर जोगबनी रेलवे स्टेशन सभागार में शुक्रवार को बाल श्रम एवं मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर विभिन्न हित धारकों के बीच समन्वय बैठक सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को सुदृढ़ करना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना रहा।

बैठक में जिला प्रशासन, जिला पुलिस प्रशासन,56 वीं बटालियन एसएसबी, 45वीं बटालियन एसएसबी बीरपुर, रेल प्रशासन कटिहार, रेल पुलिस प्रशासन कटिहार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जागरण कल्याण भारती सहित कई संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक शंभू कुमार रजक ने कहा कि जिले को बाल विवाह मुक्त, बाल श्रम मुक्त, मानव तस्करी मुक्त, बाल यौन शोषण मुक्त एवं नशा मुक्त बनाने के लिए सतत प्रयास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके लिए समाज के सभी वर्गों के लोगों को आगे आना होगा तथा सभी को जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर बल दिया।

बाल कल्याण समिति अररिया के अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में बाल सुरक्षा एक बड़ी चुनौती है, जिसके लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा।

डीएसपी हेडक्वार्टर सह विशेष किशोर पुलिस इकाई मनोज कुमार सिंह ने अपने संबोधन कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है। प्रत्येक थाने में बाल कल्याण एवं संरक्षण पुलिस पदाधिकारी होते हैं, जो बच्चों के संरक्षण के लिए विशेष रूप से कार्यरत हैं।

पुलिस उपाधीक्षक रेल कटिहार प्रियव्रत द्वारा कहा गया कि बच्चों की सुरक्षा के लिए रेल पुलिस सक्रिय है तथा इस बात का विशेष ख्याल रखा जाता है कि बाल तस्करी ना हो।

बैठक में जोगबनी थानाध्यक्ष महादेव कामत, एसएसबी 56वीं बटालियन के कंपनी निरीक्षक हरेंद्र सिंह, रेल थानाध्यक्ष जीत नारायण हेंब्रम, रेल सुरक्षा बल के प्रभारी अनूप तिवारी एवं एसएसबी 45वीं बटालियन के एक टीम लीडर भारत भूषण ने अपने विचार रखे और अनुभव साझा किए।

इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि, जोगबनी नगर परिषद के सदस्य, आंगनबाड़ी सेविकाएं तथा नेपाल सीमा पर कार्यरत विभिन्न गैर-सरकारी संगठन माईती नेपाल, नव अभियान नेपाल, आफत नेपाल, सना नेपाल और जागरण कल्याण भारती के अध्यक्ष संजय कुमार ने भी बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव साझा किए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर