home page

मुख्यमंत्री ने 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में 1,423.94 करोड़ रूपये की राशि का किया हस्तांतरण

 | 
मुख्यमंत्री ने 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में 1,423.94 करोड़ रूपये की राशि का किया हस्तांतरण


पटना, 10 जुलाई (हि.स.)। ' मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से 1,423.94 करोड़ रूपये की राशि का हस्तांतरण किया। इसके तहत तीनों राज्य पेंशन योजना में माह जून 2026 तथा तीनों एनएसएपी पेंशन योजना में माह मई एवं जून, 2026 की राशि सम्मिलित है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति भी जुड़े हुये थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए घोषणा की कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को 'बिहार पेंशन दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन यह सुनिश्चित किया जाएगा कि राज्य के सभी पात्र पेंशनधारियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि प्रत्येक महीने की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पहुंच जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य के 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1,423.94 करोड़ रूपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सफलतापूर्वक हस्तांतरित की गई है। इस अवसर पर सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बधाई देता हूँ। यह सरकार की पारदर्शी, जवाबदेह एवं तकनीक आधारित जनकल्याणकारी व्यवस्था का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग एवं समाज के वंचित वर्गों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर कार्यक्रम तथा पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम के अवसर पर लोगों से संवाद कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी के पात्र लाभार्थी छूटे नहीं, इसके लिये अभियान चलायें। जिनका आधार कार्ड लिंक नहीं है उनका आधार जल्द लिंक करायें। उन्होंने कहा कि पेंशन वितरण समयबद्ध, पारदर्शी और शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक के सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास को सशक्त करना है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रूपये से बढ़ाकर 1100 रूपये किये जाने से लोगों के जीवन में बदलाव आया है। गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त