समृद्धि यात्रा की तैयारियां जोरों पर, कार्यक्रम 12 मार्च को
कटिहार, 09 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के तहत 12 मार्च को कटिहार आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सोमवार को एनआईसी सभाकक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में विधि-व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, आवागमन, बैरिकेडिंग, और स्टेज प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया और कहा कि कार्यक्रम में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
उद्घाटन और शिलान्यास के लिए प्रस्तावित योजनाओं की भी समीक्षा की गई और निर्धारित तिथि तक कार्यों को पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

