मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने थावे मंदिर में की पूजा-अर्चना, बिहार की सुख-समृद्धि की कामना
गोपालगंज, 12 अगस्त (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को गोपालगंज स्थित प्रसिद्ध थावे मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की और मां थावे से संपूर्ण बिहार की सुख, शांति, खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के निरंतर विकास और बिहारवासियों की खुशहाली की प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मां थावे का आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मां थावे की कृपा संपूर्ण बिहारवासियों पर सदैव बनी रहे। उन्होंने कहा कि थावे धाम में पूजा-अर्चना कर उन्होंने पूरे प्रदेश की सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार समृद्ध हो और विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे, यही उनकी कामना है। उन्होंने राज्य के लोगों के कल्याण और प्रदेश की प्रगति के लिए मां थावे से आशीर्वाद मांगा।
मुख्यमंत्री के अपने गृह जिले गोपालगंज पहुंचने पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पुष्प-गुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं और मंदिर प्रबंधन की ओर से भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें पुष्प-गुच्छ, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट किए गए।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने को लेकर वहां श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर राज्य के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, विधायक मंजीत कुमार सिंह, विधायक सुभाष सिंह और विधान पार्षद राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा वरीय प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय नेता, मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित थे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

